प्रेमपुर स्टेशन के पास ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश के तहत ट्रैक पर सिलेंडर रखा गया था, लेकिन लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। कानपुर में लगातार ट्रेनों को पलटाने की साजिशों के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार सुबह मालगाड़ी को निशाना बनाकर पटरी से उतारने का प्रयास किया गया। यह मालगाड़ी कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी। जब गाड़ी प्रेमपुर स्टेशन की लूप लाइन पर पहुँची, तो लोको पायलट देव आनंद गुप्ता और सहायक लोको पायलट सीसीबी सिंह ने ट्रैक पर सिलेंडर रखा हुआ देखा। सिग्नल से कुछ पहले सिलेंडर रखा गया था, जिसे देखकर उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को सिलेंडर से पहले ही रोक लिया। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे आईओडब्लू, सुरक्षा बलों समेत अन्य टीमें मौके पर पहुँचीं और सिलेंडर को ट्रैक से हटाया गया। घटना सुबह 5:50 बजे की बताई जा रही है। जांच में पता चला कि यह एक पांच लीटर का खाली सिलेंडर था, जिसे सिग्नल से थोड़ा पहले ट्रैक पर रखा गया था। इस घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं और मौके पर कई उच्च अधिकारी मौजूद हैं।
कानपुर में रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर रखकर ट्रेन पलटाने का प्रयास: लोको पायलट की सर्तकता से हादसा टला





