दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रहे एक युवक ने आत्महत्या कर ली। उसका शव 20 सितंबर को जंगल में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक युवक राजस्थान के दौसा का निवासी था और उसने यूपीएससी का प्रीलिम्स परीक्षा पास कर ली थी। जानकारी के अनुसार, युवक का नाम दीपक था और वह 11 सितंबर से लापता था। दीपक ने प्रीलिम्स पास कर लिया था और मेंस परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया।
मृतक अकेले ही जंगल की ओर गया था
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि दीपक ने खुदकुशी की या उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया। लेकिन पुलिस द्वारा जांचे गए सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि दीपक अकेले ही जंगल की ओर जा रहा था। पिछले महीने ही दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में सिविल सेवा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने भी आत्महत्या कर ली थी। मृतका अंजलि महाराष्ट्र की रहने वाली थी और किराए के कमरे में रहकर तैयारी कर रही थी। उसने 21 जुलाई को आत्महत्या की थी और अपने सुसाइड नोट में इस कदम के पीछे का कारण भी बताया था। उसने लिखा था कि सिविल सेवा परीक्षा के उम्मीदवार किस मानसिक दबाव का सामना करते हैं और दिल्ली में रहकर तैयारी करने की कठिनाइयों का जिक्र किया था।
दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रहे राजस्थान के युवक ने की आत्महत्या, जंगल में मिला शव





