महाराष्ट्र के बीड पुलिस ने वृंदावन से 300 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साधु के वेश में यहां रह रहा था और एक प्रसिद्ध मंदिर को अपना ठिकाना बनाया हुआ था। कुछ महीने पहले ही वह वृंदावन आया था और पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी पहचान छिपा ली थी। आरोपी बब्बन शिंदे पर मल्टी-स्टेट में करोड़ों के घोटाले का आरोप है, और महाराष्ट्र पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। बब्बन शिंदे दिल्ली, नेपाल, उड़ीसा और असम जैसी जगहों पर लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा। महाराष्ट्र पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करते हुए वृंदावन पहुंची और 25 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर महाराष्ट्र सहित कई अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं और वह पिछले एक साल से फरार था।
मथुरा के एसपी सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच पुलिस यहां आई थी। शिवाजी नगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। बब्बन शिंदे को ज्वाइंट ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया। 24 सितंबर को लोकेशन मिलने पर टीम वृंदावन पहुंची और क्राइम ब्रांच पुलिस आरोपी को अदालत से रिमांड पर लेकर अपने साथ ले गई। आरोपी वृंदावन में एक मंदिर के पास वेश बदलकर रह रहा था। महाराष्ट्र पुलिस ने थाना वृंदावन से सहयोग मांगा था, और ज्वाइंट ऑपरेशन में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
महाराष्ट्र पुलिस ने मथुरा में साधु के वेश में रह रहे 300 करोड़ रूपए के घोटाले के आरोपी को पकड़ा






