देश के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ आज (गुरुवार) को सुप्रीम कोर्ट में भरी अदालत तब भड़क उठे, जब एक वकील ने सीजेआई की अध्यक्षता वाली खंडपीठ से यह कहा कि उसने कोर्ट मास्टर से कोर्ट में लिखे गए ऑर्डर के विवरण के बारे में क्रॉस-चेक किया है। इतना सुनते ही सीजेआई चंद्रचूड़ गुस्सा हो उठे। उन्होंने उस वकील को फटकार लगाते हुए कहा, “आपने कोर्ट मास्टर से यह पूछने की हिम्मत कैसे की कि मैंने कोर्ट में क्या लिखवाया है? आपने कैसे कोर्ट मास्टर की डायरी देखने की हिमाकत की? तब तो कल आप मेरे घर भी आ जाएंगे और मेरे निजी सचिव या स्टेनोग्राफर से पूछेंगे कि मैं क्या कर रहा हूं। वकील अपना सारा विवेक खो चुके हैं क्या।”
इस पर वकील ने कहा कि कोर्ट मास्टर की डायरी से पता चला कि मध्यस्थ नियुक्त किया गया है। इसके बाद सीजेआई ने अपने कोर्ट मास्टर से कहा, “आपने उससे कुछ बोला था क्या?” इस पर कोर्ट मास्टर सीजेआई को कुछ बताते हैं। इसके बाद भी जस्टिस चंद्रचूड़ चुप नहीं हुए। उन्होंने आगे कहा, “वह तो कुछ और बता रहे हैं।” सीजेआई ने कहा कि अंतिम आदेश वह होता है जिस पर हम हस्ताक्षर करते हैं। उन्होंने कहा, “ये अजीबोगरीब तरकीबें फिर से मत आजमाइएगा।”
इसके बाद जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा, “ये मत भूलें, मैं अभी भी प्रभारी हूं, हालांकि, थोड़े ही दिन के लिए हूं क्योंकि अब मेरा कार्यकाल ज़्यादा नहीं बचा है, लेकिन मैं अपने आखिरी दिन तक इस कोर्ट का इन-चार्ज हूं।” एक मध्यस्थता के मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने ये सख्त टिप्पणी की। बता दें कि जस्टिस चंद्रचूड़ 10 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। उनके बाद जस्टिस संजीव खन्ना देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे।
भरी अदालत में वकील पर भड़के सीजेआई, आपकी हिम्मत कैसे हुई




