नोएडा की जेपी कॉस्मोस सोसायटी में एक घरेलू सहायिका (मेड) की 12वीं मंजिल से गिरकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के परिवार वालों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है, जिसे लेकर उन्होंने सोसायटी के बाहर प्रदर्शन किया।
यह घटना शनिवार की है, जब सोसायटी की 12वीं मंजिल से गिरकर स्वाती नामक मेड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजन इस घटना को संदेहास्पद मानते हैं और उनका आरोप है कि स्वाती को सोसायटी के फ्लैट से धक्का देकर मारा गया है। रविवार को बड़ी संख्या में मृतका के परिवार के सदस्य और अन्य घरेलू सहायिकाएं सोसायटी के बाहर इकट्ठा हो गईं और निष्पक्ष जांच की मांग करने लगीं। पुलिस को मौके पर बुलाकर स्थिति को काबू में किया गया और भीड़ को वहां से हटाया गया।
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, स्वाती बदायूं, यूपी की रहने वाली थी और फिलहाल वाजिदपुर गांव में रह रही थी। उसकी मौत सोसायटी के टॉवर की बालकनी से गिरने के कारण हुई। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
नोएडा में घरेलू सहायिका की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत, परिजनों ने किया हंगामा





