जयपुर। राज्य सरकार ने दीपावली के अवसर पर अपने कर्मचारियों को तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। इससे अब राज्य कर्मचारियों का डीए 53 प्रतिशत हो जाएगा। इससे पहले, केंद्र सरकार ने 16 अक्टूबर को अपने कर्मचारियों के लिए तीन प्रतिशत डीए बढ़ाने की घोषणा की थी, जिसके बाद राज्य में भी डीए में समान वृद्धि की उम्मीद की जा रही थी। नवम्बर माह से बढ़ा हुआ डीए मिलेगा, जबकि जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर जीपीएफ खाते में जमा किया जाएगा। वित्त विभाग ने 24 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
इस समय राजस्थान के कर्मचारियों को 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों के डीए में 3 प्रतिशत वृद्धि करने के बाद से ही राज्य में भी इतनी ही वृद्धि की संभावनाएँ जताई जा रही थीं। अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य कर्मचारियों को भी यह राहत दी है।
• 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स, जिन्हें विशेष पेंशन लाभ मिलता है, उनका डीए भी बढ़ाया जाएगा।
• यह वृद्धि सरकारी नौकरी के अलावा अन्य पेंशन योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन या राजनीतिक पेंशन पर लागू नहीं होगी।
• जिला परिषद और पंचायत समिति से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी इस वृद्धि का लाभ मिलेगा।
हालांकि, इस माह से डीए की बढ़ी हुई राशि नहीं मिलेगी। राज्य कर्मचारियों को उम्मीद थी कि समय पर घोषणा होने पर उन्हें इस महीने की सैलरी में ही बढ़ा हुआ डीए मिल जाएगा, लेकिन देर से हुई घोषणा के कारण अब बढ़ी हुई राशि अगले माह से मिलेगी। जुलाई से अक्टूबर तक का डीए एरियर जीपीएफ खाते में जमा किया जाएगा। राज्य सरकार ने 24 अक्टूबर को डीए में वृद्धि की घोषणा की, इसलिए इस माह की सैलरी में यह लागू होना संभव नहीं था।
राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों को बोनस के भुगतान की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होगी, और 30 अक्टूबर को वेतन जारी किया जाएगा। सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इसी दिन पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा। बोनस देने के आदेश 13 अक्टूबर को ही जारी किए जा चुके हैं, जो दिल्ली स्थित राजस्थान सरकार के कार्यालयों पर भी लागू होंगे।
राजस्थान में राज्य कर्मचारियों के डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी






