प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में नाइजीरिया पहुंचे हैं। इसके बाद वह ब्राजील और गुयाना की यात्रा करेंगे। नाइजीरिया में प्रधानमंत्री मोदी को ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ नाइजर’ (GCON) अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले इस सम्मान को पाने वाली एकमात्र विदेशी शख्सियत क्वीन एलिजाबेथ थीं, जिन्हें यह सम्मान 1969 में दिया गया था। प्रधानमंत्री मोदी को यह उनका 17वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलेगा। इससे पहले 16 अन्य देशों ने भी उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है।
नाइजीरिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के निमंत्रण पर वहां आए हैं। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी अबुजा पहुंचे, जहां मंत्री न्येसोम एजेनवो वाइक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें अबुजा शहर की ‘कुंजी’ भेंट की। यह ‘कुंजी’ नाइजीरियाई जनता का प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास और सम्मान दर्शाती है। विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के स्वागत की तस्वीरें भी साझा कीं।
नाइजीरियाई राष्ट्रपति टिनुबू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की इच्छा जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने उनका धन्यवाद करते हुए कहा कि वह गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हैं और इस यात्रा के माध्यम से भारत और नाइजीरिया के बीच संबंधों को और गहरा करने की उम्मीद रखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नाइजीरिया में भारतीय समुदाय के आत्मीय स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त की और मराठी भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिलने पर मराठी समुदाय की खुशी को भी सराहा।
प्रधानमंत्री नाइजीरिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित, क्वीन एलिजाबेथ के बाद मोदी बने दूसरे विदेशी शख्स






