लेफ्टिनेंट कर्नल देशराज कौंडल (59) का शव सोमवार सुबह राजपूत रेजिमेंट के सरकारी आवास संख्या EWT 4/2 में पाया गया। उनके शरीर पर वर्दी, नेमप्लेट, जूते और मोजे मौजूद थे। फॉलोवर ने खिड़की से शव को पंखे से लटका देखा और अधिकारियों को सूचना दी। सैन्य अधिकारियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मौत छह से सात घंटे पहले फंदे से लटकने के कारण दम घुटने से हुई।
लेफ्टिनेंट कर्नल हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के जबल जमरोट गांव के रहने वाले थे और उनका परिवार शिमला में रहता है। उनका पुत्र आयुष घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचा लेकिन वह भी कुछ स्पष्ट नहीं बता सका। परिवार ने बताया कि रविवार शाम को उन्होंने फोन पर बात की थी, जिसमें उन्होंने सभी का ध्यान रखने की बात कही थी, जो सामान्य नहीं थी।
पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मानते हुए फतेहगढ़ कोतवाली में केस दर्ज किया है। घटना की सूचना पर सीओ सिटी ऐश्वर्य उपाध्याय और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम हाउस में बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे। सैन्य अधिकारी शव को मिलिट्री अस्पताल ले गए, जहां से हरिद्वार अंतिम संस्कार के लिए रवाना किया गया। अंत्येष्टि कार्यक्रम हरिद्वार में होगा। इस घटना से सैन्य महकमे में गहरा आघात पहुंचा है।
फर्रुखाबाद के राजपूत रेजिमेंट के सरकारी आवास में लेफ्टिनेंट कर्नल का शव पंखे से लटका मिला





