हृदय का स्वस्थ रहना और उसका सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे लोगों की दिनचर्या और खान-पान में अनियमितता बढ़ रही है, वैसे-वैसे कम उम्र के लोगों में भी इस बीमारी का खतरा तेजी से बढ़ा है।
हृदय रोग दुनिया भर में सबसे गंभीर बीमारियों में से एक है, जिसकी वजह से हर साल लाखों लोग अपनी जान गंवाते हैं। हृदय रोगों में कई प्रकार की बीमारियां शामिल हैं, जो दिल की सेहत को प्रभावित करती हैं। इनमें से कोरोनरी आर्टरी डिजीज (सीएडी) सबसे आम है। जब दिल ठीक से काम नहीं करता या उसमें कोई समस्या होती है, तो शरीर में पर्याप्त रक्त और ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए दिल को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। यह अतिरिक्त दबाव हार्ट अटैक जैसी गंभीर और जानलेवा समस्याओं का कारण बन सकता है।
आइए जानते हैं, कौन-कौन से उपाय अपनाकर आप अपने दिल को स्वस्थ रख सकते हैं:
- पौष्टिक आहार को प्राथमिकता दें
आपके आहार का सीधा असर हृदय स्वास्थ्य पर पड़ता है। संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर आहार दिल को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखता है।
• फलों और हरी सब्जियों का नियमित सेवन करें।
• ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर मछली, अखरोट और अलसी के बीज आहार में शामिल करें।
• तले-भुने, ज्यादा फैट वाले भोजन, नमक और चीनी का अधिक सेवन करने से बचें। - नियमित व्यायाम करें
शारीरिक गतिविधियां हृदय को मजबूत बनाती हैं और रक्त प्रवाह को बेहतर करती हैं।
• सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम स्तर की या 75 मिनट तीव्र स्तर की एक्सरसाइज करें।
• वॉकिंग, रनिंग, योग, साइकिलिंग और तैराकी जैसे एरोबिक व्यायाम आपके दिल के लिए फायदेमंद हैं। - तनाव को कम करें
अत्यधिक तनाव हृदय स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है। यह सूजन, उच्च रक्तचाप और दिल की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचा सकता है।
• ध्यान (मेडिटेशन) और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
• ऐसे शौक अपनाएं जो आपको खुशी और सुकून दें, जैसे संगीत सुनना, बागवानी या पेंटिंग करना। - धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएं
• धूम्रपान और शराब दिल की सेहत को सीधे नुकसान पहुंचाते हैं।
• धूम्रपान से रक्तचाप बढ़ता है और शराब दिल की मांसपेशियों को कमजोर करती है। - स्वास्थ्य जांच कराएं
• ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर की नियमित जांच कराते रहें।
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मेडिकल रिपोर्ट्स पर आधारित है। किसी भी समस्या की स्थिति में डॉक्टर से सलाह जरूर लें।






