गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र में भोपुरा के पास दिल्ली-मोहननगर रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़े एलपीजी गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे गैस लीकेज के कारण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास खड़े एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर थे, जिनमें एक के बाद एक विस्फोट होने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल गया। विस्फोट के कारण ट्रक में रखे सिलेंडर के टुकड़े उड़कर कई सौ मीटर दूर स्थित डिफेंस कॉलोनी तक पहुंच गए, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि उसकी चपेट में दो मकान और कई वाहन आ गए। जैसे ही आग लगी, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आग ने आसपास की तीन-चार दुकानों, दो मकानों और आधा दर्जन से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया था।
भोपुरा तिराहा इलाके में इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जलते हुए सिलेंडर आसपास की दुकानों, मकानों और वाहनों पर गिरने लगे। विस्फोटों की गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे स्थानीय लोग भयभीत होकर घरों से बाहर निकल आए।
सीएफओ राहुल पाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। उन्होंने बताया कि ट्रक में भारत गैस एजेंसी के सिलेंडर लोड थे और शुरुआती जांच में गैस लीकेज की बात सामने आई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
इस घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ट्रक में लगी भीषण आग और सिलेंडरों के विस्फोट स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं। धमाकों के कारण आसपास के मकानों के शीशे भी टूट गए। वहीं, फटे हुए सिलेंडरों के टुकड़े कई सौ मीटर दूर तक जा गिरे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग पेट्रोल पंप तक नहीं फैली, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।





