अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ का प्रोमो आज जारी कर दिया गया है। यह फिल्म 2019 में रिलीज हुई ‘केसरी’ का सीक्वल है, और इसके टीजर को लेकर भी एक अहम अपडेट साझा किया गया है।
2019 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इसी उत्साह को और बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने आज ‘केसरी चैप्टर 2’ का दमदार प्रोमो जारी किया है, जिसमें फिल्म की एक झलक साझा की गई है।
इस प्रोमो को अक्षय कुमार ने खुद जारी किया है। इसके साथ ही ‘केसरी चैप्टर 2’ के टीजर की रिलीज डेट का भी खुलासा किया गया है। प्रोमो वीडियो में लिखा गया है—”साहस को दिखाती एक क्रांति – केसरी चैप्टर 2।” अक्षय कुमार ने इसे साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “कुछ लड़ाइयां हथियारों से नहीं जीती जातीं।” साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि ‘केसरी चैप्टर 2’ का टीजर 24 मार्च को रिलीज होगा। प्रोमो देखने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह फिल्म जलियांवाला बाग हत्याकांड की अनकही कहानी पर आधारित होगी। ऐसी अटकलें हैं कि फिल्म में बैरिस्टर सी. शंकरन नायर की उस ऐतिहासिक लड़ाई को दिखाया जाएगा, जिसमें उन्होंने 1919 के नरसंहार के पीछे की सच्चाई उजागर करने का प्रयास किया था। ‘केसरी चैप्टर 2’ में अक्षय कुमार के साथ आर. माधवन और अनन्या पांडे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 18 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
गौरतलब है कि ‘केसरी’ के पहले भाग ने 21 मार्च को अपनी रिलीज के छह साल पूरे किए। इस फिल्म ने 1897 में सारागढ़ी की लड़ाई में ब्रिटिश भारतीय सेना के 21 सिख सैनिकों की वीरता को दर्शाया था, जिन्होंने 10,000 अफगान आदिवासियों के खिलाफ बहादुरी से संघर्ष किया था।





