मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय युवा एवं रोजगार उत्सव-2025 में युवाओं को रोजगार और विकास की नई सौगातें दीं।
कोटा: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय युवा एवं रोजगार उत्सव-2025 में युवाओं को रोजगार और विकास की नई सौगातें दीं। इस अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, सहकारिता मंत्री गौतम दक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 7800 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे और 1.25 लाख पदों पर नई भर्ती की घोषणा की। इसके साथ ही, स्कूली विद्यार्थियों के लिए ड्रेस और बैग हेतु 300 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में युवाओं को राजस्थान दिवस और नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने पेपर लीक कर युवाओं के साथ धोखा किया, जबकि उनकी सरकार बनने के बाद एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने हर साल 1 लाख नौकरियां देने का संकल्प लिया है और इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि राजस्थान में उनकी सरकार बनने के बाद अब तक 67,000 पदों पर सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, और हजारों चतुर्थ श्रेणी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षित और आत्मनिर्भर राजस्थान बनाने के लिए उनकी सरकार पूरी तरह समर्पित है।
राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ के निवेश समझौते
सीएम शर्मा ने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं। इसी माह 3 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतरेगा, जिससे 6 लाख नई नौकरियों का सृजन होगा। उन्होंने बताया कि मात्र एक वर्ष में युवा और कौशल विकास से जुड़ी 16 नई नीतियां बनाई गई हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल गरीबी हटाने के नारे दिए लेकिन गरीबों के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। इसके विपरीत, उनकी सरकार अंत्योदय की भावना से नीतियां बनाकर गरीबों और युवाओं के हित में कार्य कर रही है।
युवा और रोजगार को लेकर बड़ी घोषणाएं
- राजस्थान युवा नीति-2025 और राजस्थान कौशल नीति-2025 जारी।
- मुख्यमंत्री युवा रोजगार प्रोत्साहन योजना-2025 लॉन्च की गई।
- द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता खेल प्रशिक्षकों के लिए भू-आवंटन नीति जारी की गई।
- नई किरण नशामुक्ति योजना और अटल ज्ञान केंद्र की निर्देशिका जारी की गई।
- हर जिले में स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले जाएंगे, ताकि युवाओं को आधुनिक तकनीकों की ट्रेनिंग दी जा सके।
कोटा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू
कार्यक्रम में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कोटा में एयरपोर्ट निर्माण कार्य को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। उन्होंने घोषणा की कि अगले दो महीनों में कोटा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के युवा मेहनती और होनहार हैं। उन्होंने बताया कि युवा दक्षता नीति-2025 को कोटा से लॉन्च किया गया है, क्योंकि कोटा शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी सरकार युवाओं के विश्वास को कभी टूटने नहीं देगी। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि मिलकर राजस्थान को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए आगे बढ़ें।






