केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिएदो मई को खोल दिए जाएंगे। इसी दिन से गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से केदारनाथ के लिए हेली सेवा का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
ऑनलाइन बुकिंग आठ अप्रैल से
केदारनाथ के लिए हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग आठ अप्रैल से शुरू की जाएगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण और आईआरसीटीसी ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आईआरसीटीसी जल्द ही बुकिंग के लिए पोर्टल का लिंक जारी करेगा। हेली सेवा के टिकट की बुकिंग के लिए यात्रा पंजीकरण अनिवार्य होगा, जिसके डेटा को यूकाडा द्वारा आईआरसीटीसी को भेज दिया गया है।
हेली सेवा का संचालन और किराया
यूकाडा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका ने बताया कि केदारनाथ के लिए हेली सेवा का संचालन पवन हंस, हिमालयन हेली, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, थंबी एविएशन, केस्ट्रल एविएशन और एयरो एयरक्राफ्ट कंपनियों द्वारा किया जाएगा। तीन साल की अवधि के अनुबंध के तहत इस बार हेली सेवा के किराए में पांच प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
वर्ष 2025 के लिए किराया विवरण (आने-जाने का प्रति यात्री किराया):
• सिरसी से केदारनाथ – ₹6061
• फाटा से केदारनाथ – ₹6063
• गुप्तकाशी से केदारनाथ – ₹8533






