प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वाराणसी दौरे पर 39 करोड़ रुपये की 44 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने मेंहदीगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि काशी का विकास अब नई रफ्तार पकड़ रहा है। इस अवसर पर उन्होंने तीन बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड सौंपे और 21 उत्पादों को जीआई टैग भी प्रदान किया।
जीआई टैग बना पहचान का नया पासपोर्ट
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी अब देश में सबसे अधिक जीआई टैग प्राप्त करने वाला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि जीआई टैग अब पहचान का नया पासपोर्ट है, जो बताता है कि कोई उत्पाद किस भूमि से जुड़ा है। यूपी की मिट्टी की खुशबू अब सरहदों के पार भी जाएगी। यूपी अब संभावनाओं की नहीं, सामर्थ्य और सिद्धियों की धरती बन रही है।
दुष्कर्म के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बाबतपुर एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त और डीएम से मुलाकात कर हाल ही में घटित सामूहिक दुष्कर्म मामले की जानकारी ली और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
राजनीति का फर्क हम सबका साथ, सबका विकास के लिए
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग सत्ता के लिए राजनीति करते हैं, लेकिन हमारा मंत्र है – सबका साथ, सबका विकास। उन्होंने लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए मेहनतकश महिलाओं की प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी।
अब इलाज के लिए जमीन बेचने की जरूरत नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना ने गरीबों के लिए इलाज को आसान और मुफ्त बना दिया है। अब इलाज के लिए किसी को जमीन बेचने या कर्ज लेने की मजबूरी नहीं होगी।
महात्मा फुले के विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं
महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर पीएम मोदी ने उन्हें और सावित्रीबाई फुले को नारी सशक्तिकरण की प्रेरणा बताते हुए कहा कि हम उनके विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं।
काशी बन रही है आरोग्य की राजधानी
उन्होंने बताया कि काशी में दिल्ली-मुंबई जैसे बड़े अस्पताल खुल रहे हैं। अब पूर्वांचल ही नहीं, नेपाल तक के लोग यहां इलाज के लिए आ रहे हैं।
काशी के युवा चमकाएंगे ओलंपिक में मेडल
पीएम मोदी ने युवाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि 2036 ओलंपिक की तैयारी अभी से करें। काशी में नए स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बन रहे हैं।
विकास और विरासत का संगम है काशी
प्रधानमंत्री ने कहा कि बनारस भारत की आत्मा है, जहाँ हर गली में विविध संस्कृति की झलक मिलती है। काशी तमिल संगमम और प्रस्तावित एकता मॉल जैसे प्रयास देश को जोड़ने वाले हैं।
यूपी की खुशबू अब दुनिया में
पीएम ने कहा कि यूपी के स्थानीय उत्पाद अब दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं। जीआई टैग से जैसे-जैसे नए उत्पाद जोड़े जा रहे हैं, वैसे-वैसे ‘मेड इन इंडिया’ को वैश्विक पहचान मिल रही है।






