अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आज सोमवार को तीन दिवसीय भारत दौरे पर पहुंच रहे हैं। वे अपनी भारतीय मूल की पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों के साथ आ रहे हैं। वेंस और उनका परिवार रोम के चियाम्पिनो एयरपोर्ट से एयर फोर्स टू (AF2) विमान द्वारा भारत की राजधानी नई दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। उम्मीद है कि वे सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वेंस और उनके परिवार के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। इससे पहले वेंस परिवार के साथ अक्षरधाम मंदिर का दर्शन करेंगे। उनके इस दौरे में आगरा और जयपुर की यात्रा भी शामिल है, जहां वे आमेर किले समेत कई ऐतिहासिक और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों को देखेंगे। 23 अप्रैल की सुबह वे परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करेंगे और उसी शाम जयपुर लौटेंगे। 24 अप्रैल की सुबह वे अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात
जेडी वेंस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। इस बैठक में व्यापार, टैरिफ, क्षेत्रीय सुरक्षा और द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। सोमवार को होने वाली इस बैठक का फोकस दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और संभावित समझौतों को अंतिम रूप देने पर रहेगा। इस मुलाकात में वेंस के साथ पेंटागन और अमेरिकी विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा हिस्सा लेंगे।






