पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब और गुजरात समेत देश के उत्तर और पश्चिमी इलाकों में भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन भारतीय सेना ने उसकी इस कोशिश को पूरी तरह विफल कर दिया।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया। इस हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी अड्डों पर एयर स्ट्राइक कर कार्रवाई की, जिसमें 100 से अधिक आतंकी मारे गए। इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। इस जवाबी हमले के बाद पाकिस्तान बुरी तरह बौखला गया और बीती रात फिर से एक नापाक हरकत की कोशिश की, जिसे भारतीय सेना ने समय रहते नाकाम कर दिया।
15 सैन्य ठिकानों पर हमला करने की साजिश
पाकिस्तान ने पठानकोट समेत 15 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम S-400 ने पाकिस्तानी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम को भी तबाह कर दिया।
तीन बड़े शहरों के एयर डिफेंस तबाह
भारत ने पाकिस्तान के लाहौर, कराची और रावलपिंडी में स्थित एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में भारत ने ‘हार्पी’ ड्रोन का इस्तेमाल किया।
पाकिस्तानी सेना का दावा और भारतीय जवाब
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट अहमद शरीफ चौधरी ने दावा किया कि रावलपिंडी, कराची और लाहौर में ड्रोन हमले हुए हैं। उधर भारत ने पुष्टि की है कि लाहौर में ड्रोन के ज़रिए एयर डिफेंस सिस्टम को खत्म किया गया है।
कई शहरों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले की कोशिश
पाकिस्तान ने श्रीनगर, अवंतीपुरा, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज जैसे शहरों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन सभी हमलों को भारतीय सेना ने विफल कर दिया।
ड्रोन और मिसाइलों के मलबे की जांच
सरकार ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों के प्रमाण के तौर पर नष्ट किए गए ड्रोन और मिसाइलों के मलबे को एकत्र किया जा रहा है। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों—कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी में मोर्टार और भारी तोपों से गोलीबारी की जा रही है।






