पंजाब: बरनाला में पुलिस की मौजूदगी में युवक को तलवारों से काट डाला

बरनाला जिले के गांव हरदासपुरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को पुलिस की मौजूदगी में ही भीड़ ने बेरहमी से तलवारों से काट डाला। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पीड़ित युवक पुलिस की गाड़ी में छिपकर जान बचाने की कोशिश करता है, लेकिन हमलावर उसे गाड़ी से खींचकर लहूलुहान कर देते हैं। घटना थाना महलकलां के अंतर्गत आने वाले गांव हरदासपुरा की है। पीड़ित युवक सतपाल सिंह, जो कि अमृतधारी सिख बताया जा रहा है, को गांववासियों ने पुलिस की गाड़ी में से बाहर खींचा और उस पर तलवारों और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बने रहे।

पत्नी की गुहार भी बेअसर
घटना के वक्त सतपाल सिंह की पत्नी वहां मौजूद थी, जो बार-बार हाथ जोड़कर लोगों से पति को छोड़ देने की गुहार लगाती रही। उसने अपने शरीर से पति को ढककर हमलावरों से बचाने की भी कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं रुके और एक के बाद एक कई वार करते रहे। अंततः पुलिस ने हस्तक्षेप कर भीड़ को तितर-बितर किया और गंभीर रूप से घायल सतपाल को इलाज के लिए बठिंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पुरानी रंजिश बनी वजह
पुलिस के अनुसार, यह हमला एक पुराने आपसी विवाद का नतीजा है। 27 मई को सतपाल सिंह पर आरोप था कि उसने गांव के गुरुद्वारा रविदास के ग्रंथी बलजीत सिंह पर किरपाण से हमला किया था। इस घटना के बाद सतपाल पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। शुक्रवार सुबह सुखदेव सिंह के परिवार को जानकारी मिली कि सतपाल अपने घर में छिपा है। इसके बाद गांववासी वहां इकट्ठा हो गए। सतपाल जब खुद को छिपाने की कोशिश में पुलिस की गाड़ी में घुसा, तब भीड़ ने गाड़ी को घेरकर तोड़फोड़ की और अंततः उसे बाहर निकालकर उस पर हमला कर दिया।

आरोपियों की पहचान जारी
थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि सतपाल पर पहले से दर्ज मामले के अलावा अब उस पर हुए हमले के मामले में भी FIR नंबर 34 दर्ज की गई है। हमले में शामिल सुखदेव सिंह के बेटे और अन्य परिजनों की पहचान वीडियो फुटेज से की जा चुकी है, बाकी की तलाश जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

सवालों के घेरे में पुलिस
इस पूरी घटना ने पंजाब पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने हमलावरों को रोकने की कोशिश नहीं की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस की निष्क्रियता साफ नजर आ रही है, जिससे लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading