जयपुर: राजस्थान के एक पूर्व मंत्री के निजी सहायक (पीए) रह चुके शकूर खान को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ दिन पहले राजस्थान पुलिस की इंटेलिजेंस विंग ने उसे संदेहास्पद गतिविधियों के चलते हिरासत में लिया था। पूछताछ में शकूर ने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तान दूतावास में कार्यरत अफसर दानिश के संपर्क में था।
जैसलमेर से पकड़ा गया शकूर खान अब औपचारिक रूप से गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ आरोप है कि वह पाकिस्तान के लिए खुफिया जानकारी जुटाकर भेजता था। पूछताछ में सामने आया है कि वह पाकिस्तान दूतावास में कार्यरत अफसर अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश और सोहेल कमर के संपर्क में था। वह दूतावास भी कई बार गया था और वहीं इनसे मुलाकात हुई थी।
शकूर खान पहले रोजगार कार्यालय में सहायक प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत था और 2008 में वह कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के पीए के रूप में भी काम कर चुका है, जब सालेह पोकरण से विधायक थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि दानिश की मदद से शकूर ने कई बार पाकिस्तान का वीजा प्राप्त किया और वहां यात्रा भी की। पाकिस्तान में उसका संपर्क आईएसआई एजेंटों से हुआ। वह व्हाट्सएप जैसे माध्यमों से भारत की सामरिक और संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजता था। इस मामले में शकूर पर शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत केस दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच अभी जारी है और संभावना है कि इस प्रकरण में और भी लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।
जासूसी के आरोप में राजस्थान के पूर्व मंत्री का पीए गिरफ्तार, पाक दूतावास के अफसरों से था संपर्क






