विमान में 12 क्रू मेंबर (2 पायलट) सहित कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। एयर इंडिया की लंदन गैटविक जा रही फ्लाइट AI171, टेकऑफ के तुरंत बाद मेघाणी नगर इलाके में क्रैश हो गई। इस विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अब तक 100 से अधिक शव अस्पताल पहुंचाए गए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ। विमान बोइंग B787 (VT-ANB) था, और इसे कैप्टन सुमीत सभरवाल व फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर उड़ा रहे थे। उड़ान भरते ही पायलट ने ‘मेडे कॉल’ दी थी, लेकिन संपर्क टूट जाने के बाद विमान शहर के डॉक्टर्स हॉस्टल परिसर में गिर गया। घटना के बाद दमकल और एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं।
सरकार और एजेंसियां सक्रिय
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद रवाना हुए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्थिति की जानकारी ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर घटना पर शोक जताया और सभी जरूरी मदद देने के निर्देश दिए। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि सभी आपात एजेंसियां अलर्ट पर हैं और वे स्वयं हालात की निगरानी कर रहे हैं। एयर इंडिया ने हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 011-24610843 व 9650391859 नंबर जारी किए हैं।
एयरपोर्ट फिलहाल बंद
अहमदाबाद का सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानें अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई हैं। अहमदाबाद में दूसरी बड़ी विमान दुर्घटना है। इससे पहले 19 अक्टूबर 1988 को भी यहां एक बोइंग 737-200 विमान क्रैश हुआ था, जिसमें 113 लोगों की जान गई थी।




