अहमदाबाद में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब एयर इंडिया का एक विमान बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के डाइनिंग एरिया से टकरा गया। इस भीषण दुर्घटना में कई मेडिकल छात्रों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में सिर्फ इतना बताया गया था कि विमान हॉस्टल से टकराया है, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विमान सीधे डाइनिंग हॉल पर गिरा, जिससे अंदर मौजूद कई छात्र मलबे में दब गए और उनकी जान चली गई।
स्थानीय टेलीविजन चैनल द्वारा जारी वीडियो में विमान का एक हिस्सा इमारत के ऊपर अटका हुआ दिखाई दे रहा है। राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक मलबे से 30 से 35 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी फंसे हुए हैं।
गुजरात के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त सचिव धनंजय द्विवेदी ने बताया कि विमान दुर्घटना उस क्षेत्र में हुई जहां अहमदाबाद सिविल अस्पताल के छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवासीय भवन स्थित हैं। इस हादसे में आम नागरिक भी घायल हुए हैं। करीब 50 घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर जरूर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है। द्विवेदी ने आगे कहा कि बी.जे. मेडिकल कॉलेज में पीड़ितों की पहचान के लिए डीएनए जांच की व्यवस्था की गई है। विमान यात्रियों के परिजनों और खासकर माता-पिता और बच्चों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने डीएनए सैंपल कॉलेज में जमा करें, ताकि पहचान की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।
इसके साथ ही सिविल अस्पताल, अहमदाबाद ने परिजनों और जरूरतमंदों के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, इन नंबरों पर किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।
📞 6357373831
📞 6357373841





