भारत सरकार ने एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को देश में सैटेलाइट आधारित इंटरनेट सेवाएं शुरू करने की अनुमति दे दी है। यह लाइसेंस पांच साल तक मान्य रहेगा।
अब भारत में जल्द ही एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक की शुरुआत होने वाली है। अंतरिक्ष क्षेत्र की निगरानी और प्रोत्साहन करने वाली संस्था INSPACe ने स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड को भारत में इंटरनेट सेवा शुरू करने की औपचारिक मंजूरी प्रदान की है। वेबसाइट पर जारी जानकारी के अनुसार, यह लाइसेंस आगामी पांच वर्षों तक वैध रहेगा। इसका अर्थ यह है कि आने वाले समय में भारत के दूरदराज और ग्रामीण इलाकों में भी हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं।
गौरतलब है कि स्टारलिंक पिछले कुछ सालों से भारतीय बाजार में अपनी सेवाएं शुरू करने का प्रयास कर रही थी। कंपनी ने 2022 से भारत में व्यवसायिक संचालन की योजना बनाई थी, लेकिन उसे रेगुलेटरी स्वीकृति का इंतजार था। स्टारलिंक दरअसल एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स की एक परियोजना है, जिसका उद्देश्य पूरी दुनिया में सैटेलाइट के माध्यम से हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट उपलब्ध कराना है। अब भारत में आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद यह सेवा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने का अहम माध्यम बन सकती है।




