• मारीशस के प्रधानमंत्री 11 सितंबर को दो दिवसीय यात्रा पर काशी आयेंगे
• प्रधानमंत्री मोदी दोपहर के भोजन की तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रात के खाने की करेंगे मेजबानी
मारीशस के प्रधानमंत्री नवीन राम गुलाम 11 सितंबर को काशी पहुंचेंगे। उनके इस दौरे पर प्रधानमंत्री और वाराणसी से सांसद नरेन्द्र मोदी भी काशी आएंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर के भोजन (लंच) की मेजबानी करेंगे, जबकि रात के भोजन (डिनर) की मेजबानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
नवीन राम गुलाम अपने दो दिवसीय काशी प्रवास के दौरान 11 सितंबर की सुबह लगभग नौ बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भी मौजूद रहने की संभावना है। इसके बाद प्रधानमंत्री गुलाम सड़क मार्ग से सीधे ताज होटल जाएंगे। रास्ते में छह स्थानों पर उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया जाएगा, जिसमें स्कूली बच्चे, स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता शामिल होंगे।
इसके बाद द्विपक्षीय वार्ता की शुरुआत होगी। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी लगभग 11 बजे बाबतपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा पुलिस लाइन मैदान से होते हुए ताज होटल आएंगे। ताज होटल में आयोजित द्विपक्षीय वार्ता में भाग लेने के बाद फोटो सेशन होगा।
लंच के उपरांत प्रधानमंत्री मोदी वापस लौट जाएंगे। अनुमान है कि वे काशी में लगभग ढाई घंटे तक रहेंगे। द्विपक्षीय वार्ता के लिए ताज होटल के दरबार हाल को दो हिस्सों में बांटकर तैयारियां की जा रही हैं और आसपास के क्षेत्रों को दुरुस्त करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।





