ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की मजबूत साझेदारी की। इस दौरान मंधाना ने 46 गेंदों में और प्रतिका ने 69 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। मंधाना ने अपने 33वें वनडे अर्धशतक के साथ कई अहम उपलब्धियां अपने नाम कीं। भारतीय महिला टीम की उपकप्तान और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 80 रनों की बेहतरीन पारी खेलते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना ने वनडे क्रिकेट में 5000 रन पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाली दुनिया की पांचवीं और भारत की दूसरी महिला बल्लेबाज बन गईं। यह मुकाबला महिला विश्व कप का 13वां मैच है, जो विशाखापत्तनम में खेला जा रहा है। इसमें ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
मंधाना ने पूरे किए 5000 वनडे रन
मंधाना और प्रतिका रावल की शानदार साझेदारी ने टीम को मजबूत नींव दी। इस दौरान मंधाना ने 46 गेंदों में अर्धशतक जमाया और फिर 5000 वनडे रन पूरे करने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन पूरे करने वाली पहली भारतीय महिला बल्लेबाज भी बन गईं। इससे पहले यह उपलब्धि केवल पूर्व कप्तान मिताली राज के नाम थी, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 5000 रन बनाए थे। 29 वर्षीय मंधाना वनडे में 5000 रन बनाने वाली सबसे युवा महिला बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने 112वीं पारी में 5569वीं गेंद पर यह उपलब्धि हासिल की। उनसे पहले वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर ने 129 पारियों में और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स ने 6182 गेंदों में 5000 रन पूरे किए थे। इस मैच में मंधाना ने 66 गेंदों पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। यह उनके करियर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार पांचवीं 50+ पारी थी। वह इस टीम के खिलाफ वनडे में ऐसा करने वाली पहली महिला बल्लेबाज बन गईं। इससे पहले उन्होंने 125 (63), 117 (91), 58 (63) और 105 (109) रनों की शानदार पारियां खेली थीं।






