
जापान में फ्लू संक्रमण ने बढ़ाई चिंता
जापान में इन दिनों फ्लू संक्रमण तेज़ी से फैल रहा है। यह कोई नई बीमारी नहीं है, हर साल फ्लू के मामले सामने आते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार इस बार संक्रमण मौसम से लगभग पाँच हफ्ते पहले ही फैलना शुरू हो गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। देश में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब तक 4,000 से अधिक मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। सरकार ने आधिकारिक रूप से “देशव्यापी फ्लू महामारी” की घोषणा कर दी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जापान के करीब 3,000 अस्पतालों में कुल 4,030 फ्लू संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। ओकिनावा, टोक्यो और कागोशिमा शहर सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए 130 से अधिक स्कूल, किंडरगार्टन और चाइल्डकेयर सेंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। रिपोर्टों से यह भी स्पष्ट होता है कि मौजूदा हालात कुछ-कुछ वैसे ही हैं जैसे कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन के समय थे। फ्लू का यह प्रकोप सितंबर से देखने को मिल रहा है। 22 से 28 सितंबर के बीच 4,000 से अधिक लोगों का इलाज हुआ, जबकि 29 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच यह संख्या बढ़कर 6,000 से ज्यादा हो गई। देश के 47 में से 28 प्रान्तों में मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस के व्यवहार और स्वरूप में कई तरह के बदलाव देखे जा रहे हैं, जो इस तेज़ी से फैलाव का प्रमुख कारण है। होक्काइडो स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रोफेसर योको त्सुकामोटो के अनुसार, “इस साल फ्लू का मौसम काफी जल्दी शुरू हुआ है। बदलते वैश्विक वातावरण में ऐसी स्थिति सामान्य हो सकती है।”
विशेषज्ञों की राय और सतर्कता के निर्देश
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, जापान के अस्पताल एक बार फिर कोविड-19 जैसी चुनौती का सामना कर रहे हैं। एहतियातन, लोगों को फिलहाल जापान की यात्रा टालने की सलाह दी जा रही है। टोक्यो के ट्रैवल एनालिस्ट एशले हार्वे के अनुसार, “भले ही फ्लू की स्थिति हर देश में अलग हो, लेकिन मौजूदा हालात में संक्रमण से बचने के लिए मास्क पहनना और नियमित हाथ धोने जैसे स्वच्छता उपाय बेहद ज़रूरी हैं।” कई एशियाई देशों में भी इन दिनों फ्लू का असर देखा जा रहा है और वहां के नागरिकों को जापान की स्थिति से सीख लेने की आवश्यकता है।
टीकाकरण से सुरक्षा संभव
विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना महामारी के बाद पर्यटन में आई तेजी ने भी वायरस के सीमा पार प्रसार को बढ़ाया है। स्वस्थ लोगों में फ्लू आमतौर पर गंभीर नहीं होता, लेकिन नए वैरिएंट्स के कारण जोखिम बना हुआ है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को फ्लू का टीका लगवाने की सलाह दी जा रही है ताकि व्यापक जनसंख्या को संक्रमण से बचाया जा सके।
👉 संबंधित बीमारी की अधिक जानकारी और व्यक्तिगत परामर्श के लिए अपने डॉक्टर से संपर्क करें।





