केरल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने एक महिला को चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान तिरुवनंतपुरम के वेल्लाराडा निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार रात करीब 8:30 बजे केरल एक्सप्रेस में वर्कला स्टेशन के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन वर्कला स्टेशन से रवाना ही हुई थी कि आरोपी ने महिला को जबरन पकड़कर दरवाजे से नीचे फेंक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी उस वक्त पूरी तरह नशे में था।
महिला अपनी दोस्त के साथ अलुवा से ट्रेन में सवार हुई थी और तिरुवनंतपुरम जा रही थी। सफर के दौरान वह वॉशरूम गई थी। बाहर निकलते ही उसने देखा कि एक व्यक्ति नशे में दरवाजे के पास खड़ा है। महिला के अनुसार, सुरेश ने अचानक उसका हाथ पकड़कर उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया।
घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस को महिला रेलवे ट्रैक पर गंभीर हालत में पड़ी मिली। उसे फौरन अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक अन्य महिला को भी धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बच गई। महिला की दोस्त ने बताया, “जैसे ही मेरी दोस्त वॉशरूम से बाहर आई, आरोपी ने उसे पकड़कर नीचे फेंक दिया। उसने मुझे भी खींचने की कोशिश की, लेकिन मैंने गेट को कसकर पकड़ लिया और बाद में यात्रियों ने मुझे अंदर खींच लिया।” रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) ने आरोपी सुरेश कुमार को पकड़ लिया और कोचुवेली स्टेशन पर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
केरल: शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने महिला को चलती ट्रेन से धक्का दिया, हालत गंभीर





