दिल्ली धमाकों के बाद फरिदाबाद से गिरफ्तार डॉक्टर शाहीन सईद ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उनके ‘व्हाइट कॉलर टेरर’ ग्रुप का उद्देश्य देशभर में आतंकी हमले करना था। माना जा रहा है कि डॉ. शाहीन जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग की भारत प्रमुख हैं।
राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए धमाकों ने पूरे देश को हिला दिया। जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ कि फरिदाबाद से गिरफ्तार डॉ. शाहीन सईद लंबे समय से आतंकी साजिश रच रही थीं। उन्होंने पूछताछ में कबूल किया कि उनका समूह देश के कई हिस्सों में हमलों की योजना बना चुका था।
धमाके से कुछ घंटे पहले ही डॉक्टरों से जुड़े इस “व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल” का पर्दाफाश हुआ था। बताया जा रहा है कि इस ग्रुप के तार जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद जैसे संगठनों से जुड़े हैं। सोमवार को ही 3 डॉक्टरों सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। फरिदाबाद से डॉ. शाहीन सईद और डॉ. मुजम्मिल शकील, जबकि सहारनपुर से डॉ. आदिल अहमद राठेर को पकड़ा गया। शकील के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक (लगभग 300–350 किलो अमोनियम नाइट्रेट), असॉल्ट राइफलें, पिस्तौलें और गोला-बारूद बरामद हुआ।
डॉ. शाहीन की कार से भी एके-47 और कारतूस मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। वह और डॉ. शकील फरीदाबाद के अल-फलाह अस्पताल में कार्यरत थे और यह ग्रुप अल-फलाह यूनिवर्सिटी से संचालित होता था। जांच में पता चला कि दिल्ली हमले में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार करीब 11 दिन तक इसी यूनिवर्सिटी में खड़ी रही थी। घटना वाले दिन, यानी 10 नवंबर को आरोपी डॉक्टर उमर नबी इसे दिल्ली लाया था।
डॉ. शाहीन इस पूरे नेटवर्क की प्रमुख कड़ी बताई जा रही हैं, जिनका सीधा संबंध पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद की महिला इकाई से है। यह महिला विंग “जमात-उल-मुमिनात” कहलाती है, जिसकी अगुवाई मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर कर रही है। अजहर ने हाल ही में अपने संगठन की महिला शाखा स्थापित की थी ताकि भारत में जड़ें मजबूत की जा सकें। जांच एजेंसियों के अनुसार, डॉ. शाहीन पिछले दो साल से विस्फोटक सामग्री इकट्ठा कर रही थीं और हर समय अपने साथ एके-47 रखती थीं।
इस मामले में अब तक 5 डॉक्टरों समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इससे जुड़े एक मौलवी इश्तियाक को मेवात से और एक अन्य डॉक्टर तजामुल को श्रीनगर से गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि यह समूह पूरे देश में बड़े पैमाने पर आतंकी हमलों की योजना बना रहा था।




