
अमेरिका में जारी सरकारी शटडाउन आखिरकार समाप्त हो गया है। फंडिंग बिल पारित होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
1 अक्टूबर से शुरू हुआ यह शटडाउन पूरे 43 दिनों तक चला, जो अमेरिका के इतिहास का सबसे लंबा सरकारी शटडाउन माना जा रहा है। सीनेट और फिर प्रतिनिधि सभा में फंडिंग बिल पास होने के बाद ट्रंप ने हस्ताक्षर कर इसकी समाप्ति की आधिकारिक घोषणा की। शटडाउन खत्म होने के बाद अब फेडरल कर्मचारियों के जल्द ही ड्यूटी पर लौटने की उम्मीद है। अनुमान है कि ज्यादातर कर्मचारी आज, गुरुवार, 13 नवंबर से काम शुरू कर देंगे। शटडाउन के दौरान सरकार वेतन देने में असमर्थ थी, जिसके कारण इन्हें काम पर नहीं बुलाया गया था। अब शटडाउन समाप्त होने से कर्मचारियों को लंबित वेतन भी प्रदान किया जाएगा। सरकारी शटडाउन खत्म होने से राहत जरूर मिली है, फेडरल कर्मचारियों को लंबित वेतन मिलेगा और कई सेवाएं फिर से शुरू होंगी। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे बार-बार होने वाले शटडाउन से अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
नया फंडिंग बिल एक अस्थायी व्यवस्था
यह नया फंडिंग बिल एक अंतरिम बजट के रूप में लागू किया गया है, जिसमें 2026 वित्तीय वर्ष के लिए 1.5 ट्रिलियन डॉलर की व्यवस्था की गई है। इससे कई क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है। बिल में ऋण सीमा को 2 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ाने का निर्णय भी शामिल है, जिससे अगले छह महीनों तक अमेरिका को डिफॉल्ट के खतरे से बचाया जा सकेगा। हालांकि यह केवल तीन महीने के लिए एक अस्थायी समाधान है, जिसके बाद पूर्ण बजट पर विस्तृत चर्चा होगी।






