दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर एक यात्री और ऑफ-ड्यूटी पायलट के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने आरोप लगाया कि एअर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने सुरक्षा जांच लाइन को लेकर हुए विवाद के बाद उनके साथ मारपीट की। अंकित दीवान अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। उनके साथ 7 साल की बेटी और 4 महीने का शिशु भी मौजूद था। आरोप है कि पायलट ने बहस के दौरान उन्हें अपमानित किया और फिर शारीरिक हमला कर दिया, जिससे उनका चेहरा लहूलुहान हो गया। यह पूरी घटना उनकी बेटी के सामने हुई, जिससे बच्ची गहरे सदमे में है।
मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर फैलने के बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पायलट को सभी ड्यूटी से हटा दिया है। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि इस तरह के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले की जांच की जा रही है। एयरलाइन के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना हवाई अड्डों पर यात्रियों की सुरक्षा और व्यवहार संबंधी नियमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर पायलट द्वारा यात्री से मारपीट, जांच शुरू






