
वैदिक बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजापार्क में हुआ बाल मेले का आयोजन
जयपुर: वैदिक बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजापार्क में 25 दिसंबर 2025 को पारंपरिक बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा रिबन काटने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आर्य समाज (महिला) आदर्श नगर की प्रधान मृदुला सामवेदी, आर्य समाज आदर्श नगर के कार्यकारी प्रधान रवि नैयर तथा विद्या समिति के मंत्री किशोर सोनी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में रवि नैयर ने विद्यालय के निरंतर विकास के लिए हरसंभव मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
बाल मेले की शुरुआत होते ही विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। मेले का प्रमुख आकर्षण विद्यालय की छात्राओं और अध्यापिकाओं द्वारा तैयार किया गया भूत-बंगला रहा, जिसने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को रोमांचित किया और देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके अलावा मेले में झूले, डीजे के साथ डांस फ्लोर, विभिन्न खेलकूद गतिविधियां तथा स्वादिष्ट व्यंजनों की अनेक स्टॉल्स लगाई गईं। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी पूरे उत्साह से मेले का आनंद लिया।
समारोह के समापन पर अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा, सहभागिता और सामूहिक प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। बाल मेले ने विद्यालय परिसर को पूर्णतः उत्सवमय वातावरण से भर दिया।




