महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार का एक विमान हादसे में निधन हो गया। हादसे के बाद उनका पार्थिव शरीर बारामती स्थित अस्पताल लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। जानकारी के अनुसार, अजित पवार आज सुबह मुंबई से बारामती की यात्रा पर थे, तभी उनका चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों में गहरा दुख और आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं अस्पताल परिसर के बाहर लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। अजित पवार के निधन से राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। महाराष्ट्र के मंत्री बाबासाहेब पाटिल और एनसीपी नेता विक्रम काले ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बाबासाहेब पाटिल ने कहा कि यह महाराष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है और अजित पवार एक बड़े जननेता व विकास पुरुष थे। वहीं विक्रम काले ने उन्हें कुशल प्रशासक बताते हुए कहा कि राज्य ने एक सशक्त नेतृत्व खो दिया है। उधर, नागपुर में एनसीपी-एससीपी नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख भी इस खबर से भावुक हो गए और शोक व्यक्त किया।
उच्च स्तरीय जांच के निर्देश
सरकार ने विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी में तकनीकी खराबी को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। फिलहाल, राज्यभर में शोक घोषित करते हुए सभी राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।





