
हमले में अमेरिकी वायुसेना के पांच रिफ्यूलिंग विमान क्षतिग्रस्त
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। दो सप्ताह से चल रही इस जंग के बीच ईरान ने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर बड़ा हमला किया है। रिपोर्टों के अनुसार ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बनाते हुए मिसाइल दागीं, जिससे अमेरिकी वायुसेना के पांच एयर-टैंकर विमान जमीन पर ही क्षतिग्रस्त हो गए। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद ईरान भी लगातार पलटवार कर रहा है। मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच यह संघर्ष अब 15वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी बीच सऊदी अरब से सामने आई जानकारी के मुताबिक ईरान ने वहां मौजूद अमेरिकी एयरबेस पर कई मिसाइलें दागीं। इस हमले में अमेरिकी वायुसेना के पांच रिफ्यूलिंग (ईंधन भरने वाले) विमान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि सूत्रों का कहना है कि विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं और उन्हें मरम्मत के लिए भेज दिया गया है। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पश्चिमी इराक और कुवैत में भी घटनाएं
इससे पहले पश्चिमी इराक में अमेरिकी वायुसेना का एक KC-135 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी छह क्रू मेंबर की मौत हो गई थी। वहीं 1 मार्च को कुवैत में फ्रेंडली फायर की घटना में तीन अमेरिकी F-15 लड़ाकू विमान गिर गए थे, हालांकि इस घटना में सभी पायलट सुरक्षित बच गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक कुवैत के एक F-18 विमान ने गलती से इन F-15 विमानों को निशाना बना दिया था।
पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर
पिछले 15 दिनों से पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। बताया जाता है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद इस संघर्ष की शुरुआत हुई। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इस्राइल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। लगातार हो रहे हमलों के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है और इसका असर वैश्विक स्तर पर भी देखने को मिल रहा है।






