
कार्यक्रम में ट्रंप के साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री भी मौजूद थे
अमेरिका में राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर गंभीर चूक का मामला सामने आया है। व्हाइट हाउस संवाददाता रात्रिभोज के दौरान एक शख्स ने होटल परिसर में अचानक फायरिंग कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत अमेरिका के कई वरिष्ठ नेताओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। यह घटना वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल में शनिवार रात हुई, जहां व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम के बीच अचानक गोली चलने की आवाज से हॉल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी शीर्ष नेताओं को तुरंत वहां से बाहर निकाल लिया। पुलिस के मुताबिक, एक हमलावर ने फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों ने 5 से 8 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनने की बात कही है। फायरिंग शुरू होते ही हॉल में मौजूद सैकड़ों पत्रकार और अन्य मेहमान अपनी जान बचाने के लिए टेबलों के नीचे छिप गए। इस दौरान सीक्रेट सर्विस के जवान लोगों को नीचे झुकने और सुरक्षित रहने के निर्देश देते रहे। घटना के तुरंत बाद पूरे बैंक्वेट हॉल को सुरक्षा घेराबंदी में ले लिया गया और नेशनल गार्ड के जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। होटल से लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी गई, लेकिन अंदर आने पर रोक लगा दी गई। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हमलावर की पहचान और हमले के पीछे के कारणों की जांच जारी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।






