लैंडिग के दौरान एअर इंडिया के विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया

गुरुवार को एक अहम विमानन घटना में एअर इंडिया के एक विमान के साथ लैंडिंग के दौरान टेलस्ट्राइक की स्थिति उत्पन्न हो गई। बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें सामान्य रूप से विमान से उतार लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह विमान दिल्ली से बंगलूरू आ रहा था। लैंडिंग के दौरान हुई इस टेलस्ट्राइक घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। विमान में कुल 181 यात्री सवार थे। विशेषज्ञों के मुताबिक, टेलस्ट्राइक उस स्थिति को कहा जाता है जब टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से संपर्क में आ जाता है। ऐसी घटनाओं के बाद विमान की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर विस्तृत जांच अनिवार्य रूप से की जाती है।
घटना के बाद एअर इंडिया की फ्लाइट AI2651, जो कि एक नैरो-बॉडी एयरबस A321 विमान है, को तत्काल प्रभाव से निरीक्षण के लिए रोक दिया गया। इसके चलते बंगलूरू से दिल्ली लौटने वाली इस विमान की अगली उड़ान को रद्द कर दिया गया है। एयरलाइन प्रबंधन ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बंगलूरू स्थित उनकी ग्राउंड टीमें यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही हैं। साथ ही, इस पूरे मामले की जांच निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत नियामक अधिकारियों के समन्वय में की जाएगी। घटना के संभावित कारणों पर भी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, एअर इंडिया का यह विमान जब लैंडिंग के अंतिम चरण में था, उसी समय एक बोइंग 747 विमान ने उड़ान भरी थी। इसके चलते हवा में अशांति पैदा हो गई। पायलट को स्थिति का अंदाजा होते ही उन्होंने मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत ‘गो-अराउंड’ का निर्णय लिया, लेकिन इसी दौरान टेलस्ट्राइक की घटना हो गई।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने इस घटना पर खेद जताते हुए कहा, “हम अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए क्षमा चाहते हैं। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”






