लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। पार्टी के राज्य मुख्यालय में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी करेंगे जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम व प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह भी उपस्थित रहेंगे। लोकसभा चुनाव में पार्टी कुल मतों में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी भाजपा को दिलाकर केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए कमर कस रही है। इसके लिए पार्टी ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के अपने स्वयं सिद्ध मंत्र को फिर पूरी गंभीरता से आजमाएगी। विभागों और प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भी सशक्त उपस्थिति दर्शाएगी। अपनी चुनावी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी पांच जनवरी को प्रयागराज में सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक करेगी। लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से दिल्ली में 22 व 23 दिसम्बर को हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों व प्रदेश अध्यक्षों की बैठक के एजेंडे को प्रदेश में लागू करने के लिए मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी के विभागों और प्रकोष्ठों को अपने से संबंधित जातियों, समुदायों और वर्गों के बीच पैठ बढ़ाने के लिए कार्यक्रम सौंपे.
अनुसूचित जाति मोर्चा दलित बस्तियों में संपर्क और संवाद अभियान शुरू करेगा। वहीं पिछड़ा वर्ग मोर्चा पिछड़ी जातियों को भाजपा के पक्ष में लामबंद करने के लिए प्रयागराज में ओबीसी महाकुंभ के आयोजन की योजना बना रहा है जिसमें पिछड़ी जातियों के दो लाख लोगों को जुटाने की मंशा है। महिला मोर्चा विधान सभा क्षेत्र स्तर पर महिलाओं के लिए चौपाल लगाएगा जिसमें उनके साथ चाय पर संवाद होगा। वह नवयुवतियों और महिला स्वयं सहायता समूहों के सम्मेलन भी आयोजित करेगा। 100 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की सूची तैयार कर उन्हें सम्मानित करेगा। मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित करेगा। नए मतदाताओं के बीच पकड़ बढ़ाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में 24 जनवरी को नवमतदाता सम्मेलन आयोजित करेगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 10 नमो योद्धाओं की तैनाती करेगा। भाजयुमो के 10 कार्यकर्ताओं की टीम विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रचार वाहनों के साथ घूमेगी और लोगों के मोबाइल फोन पर नमो एप डाउनलोड कराएगी। किसान मोर्चा गांवों में किसान परिक्रमा यात्राएं आयोजित करेगा जिसमें मोर्चा के प्रतिनिधि गांवों में जाकर किसानों की चौपाल लगाएंगे। विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों, सह-संयोजकों और क्षेत्रीय संयोजकों के साथ हुईं बैठकों में बताया गया कि बूथ विजय ही पार्टी का ध्येय होगा। इसे सुनिश्चित करने के लिए विभागों और प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने बूथों पर पन्ना प्रमुख का दायित्व निभाएंगे। पन्ना प्रमुख के तौर पर वे अपने पन्ने से संबंधित 60% मतदाताओं के वोट डलवाना तो सुनिश्चित करेंगे ही, फर्जी मतदाताओं को भी मतदान से रोकेंगे।





