तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन पार्टी दक्षिण के इस राज्य में पहले से बेहतर करने में सफल रही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को हैदराबाद दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भाजपा की राज्य स्तरीय बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में अमित शाह तेलंगाना के भाजपा नेताओं के सामने आगामी लोकसभा चुनाव का रोडमैप पेश कर सकते हैं। हालिया विधानसभा चुनाव के बाद अमित शाह का यह पहला तेलंगाना दौरा है। अमित शाह के कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा से जुड़े नेताओं ने बताया कि ‘अमित शाह अपने हैदराबाद दौरे के दौरान श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर जाएंगे। इसके बाद वह पूरे राज्य के पार्टी नेताओं की एक बैठक करेंगे। इस बैठक में विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी, साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। आज होने वाली बैठक में अमित शाह के अलावा पार्टी के महासचिव और पार्टी के मंडल अध्यक्ष भी शामिल होंगे। हैदराबाद में होने वाली बैठक में लोकसभा चुनाव तक पार्टी अगले 90 दिनों के लिए पूरी योजना बनाएगी।
2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 19 प्रतिशत वोट शेयर के साथ तेलंगाना में चार सीटों पर जीत दर्ज की थी। उल्लेखनीय है कि एक समय भाजपा तेलंगाना में बीआरएस की प्रमुख प्रतिद्वंदी पार्टी बनकर उभरी थी, और भाजपा ने राज्य में कई उपचुनाव और हैदराबाद नगर निगम के चुनाव में जीत हासिल की थी। हालांकि विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन बहुत खास नहीं रहा। जबकि भाजपा का वोट प्रतिशत पिछले विधानसभा चुनाव के 6.8 प्रतिशत वोट के मुकाबले करीब दोगुना बढ़कर 14 प्रतिशत हो गया है, जिससे भाजपा नेतृत्व उत्साहित है।






