उन्हें कभी मुक्कमल मोहब्बत नही मिली..

ये बात उन दिनों की है जब भारतीय रजतपट की अनिंद्य सुंदरी मधुबाला अभिनेता प्रेमनाथ के प्यार में पागल थीं। दोनों एक दूसरे से बेहद प्यार करते थे और दोनों का इरादा जल्द ही शादी करने का भी था। उन दिनों सदाबहार अभिनेता दिलीप कुमार प्रेमनाथ के सबसे करीबी मित्र थे और प्रेमनाथ ने मधुबाला से मोहब्बत की बात उनसे बताई भी थी। प्रेमनाथ मधुबाला की हर बात मानते थे और जब कभी किसी निर्माता को प्रेमनाथ को लेकर फिल्म बनानी होती थी तो वह सिफारिश के लिए मधुबाला के पास जाते थे और मधुबाला प्रेमनाथ की तरफ से हामी भर देती थीं। उन दिनों मधुबाला की गिनती फिल्म इंडस्ट्री के बड़े अभिनेत्रियों में होती थी। कहा जाता है कि मधुबाला से शादी करने के लिए प्रेमनाथ मधुबाला के पिता अताउल्लाह खान से मिले भी थे मगर वे तैयार नही हुए। होते भी कैसे मधुबाला उनके लिए सोने का अंडा देनेवाली मुर्गी जैसी थी। ग्यारह भाई-बहन और माता-पिता उनके पैसों पर ऐश कर रहे थे।
इसी बीच प्रेमनाथ के सबसे करीबी दोस्त दिलीप कुमार की इंट्री मधुबाला के जीवन में होती है। दिलीप कुमार भी मधुबाला को बेहद चाहने लगे थे और मधुबाला भी उन्हें पसंद करती थी। दोनों को एक दूसरे के प्रति आकर्षित होता देखकर प्रेमनाथ ने दोनों के बीच से हट जाने का निर्णय किया। प्रेमनाथ के लिए उनके प्यार से ज्यादा उनका जिगरी दोस्त अजीज था, इस वजह से उन्होंने उस समय की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री बीना राँय से शादी कर ली। प्रेमनाथ-बीना राँय की शादी के मंडप में मधुबाला ने जलती आँखों और सुलगते बदन से प्रेमनाथ से कहा था, “मेरे प्यार की उपेक्षा कर तुम प्रेम विवाह कर रहे हो, याद रखना इस विवाह से तुम कभी खुश नही हो सकोगे।”
मधुबाला के दिल से निकली ये आह प्रेमनाथ-बीना राँय की शादीशुदा जिंदगी को भष्म कर दी थी, वे कभी सुख से दो पल नही गुजार सके। दोनों में तनाव इतना बढ़ा कि वे अलग रहने लगे। मधुबाला के प्यार और बीना राँय की बेरूखी को भूलाने के लिए प्रेमनाथ ने अपने आप को शराब में डुबो दिया था मगर उन्हें इस बात का सकून था कि उनके जिगरी दोस्त को उसका प्यार (मधुबाला) हासिल हो जाएगा। बातों ही बातों में प्रेमनाथ अक्सर कहा करते थे कि मधुबाला के सच्चे शाप के कारण ही उनके और बीना राँय का वैवाहिक जीवन नर्क बन गया।
मधुबाला की मौत के बहुत साल बाद एक साक्षात्कार में प्रेमनाथ ने कहा था कि जब मधुबाला को ये पता चला कि मैं गम भूलाने के लिए बहुत शराब पीने लगा हूँ तो वह एक दिन मेरे घर आई और मुझसे कहा कि आज के बाद अगर तुमने शराब पी तो मेरा खून पिओगे। प्रेमनाथ ने ये स्वीकार किया कि जब तक मधुबाला जिंदा रही, उन्होंने शराब को हाथ नही लगाया।
प्रेमनाथ के प्यार में धोखा खाई मधुबाला दिलीप कुमार से शादी करने को बेताब थीं, शायद वो दिलीप कुमार में प्रेमनाथ का अक्स देखने लगी थीं। कहते हैं न पहला प्यार भूलाने से नही भूलता। मधुबाला ने अपने माता-पिता से दिलीप कुमार से शादी करने की इच्छा जताई, मगर लोभी बाप फिर इसके लिए तैयार नही हुआ। इस बीच दोनों को लेकर “नया दौर” फिल्म की घोषणा हुई, तय हुआ कि शूटिंग भोपाल में होगी। फिल्म की शुटिंग के लिए जब भोपाल जाना हुआ तो मधुबाला के पिता ने उसे भोपाल भेजने से मना कर दिया। उन्हें डर था कि बाहर में शुटिंग के दौरान दोनों और करीब आ जाएंगे। फिल्म के निर्माता बी.आर.चौपडा जो बेहद कडक थे, मधुबाला को फिल्म से निकालकर बैजंतीमाला को अपनी फिल्म में हीरोइन रख लिया। बी.आर.चोपड़ा ने मधुबाला से साइनिंग एमाउंट वापस करने को कहा तो मधुबाला के पिता ने इंकार कर दिया। मामला कोर्ट में चला, गवाही के दौरान दिलीप कुमार ने मधुबाला के खिलाफ बयान दिया मगर उन्होंने कोर्ट में ये स्वीकार किया कि वे मधुबाला से प्रेम करते हैं और जब तक जिंदा रहेंगे, करते रहेंगे।
मधुबाला के खिलाफ बयान देने की वजह से दोनों के रिश्ते बेहद खराब हो गए। मधुबाला के पिता को तो मन मांगी मुराद मिल गई। ये भी रिश्ता अपने अंजाम तक नही पहुँच पाया था। दिलीप कुमार और मधुबाला के रिश्ते टूटने पर प्रेमनाथ ने दिलीप कुमार को ही दोषी ठहराया और कहा कि दिलीप कुमार ने जो कोर्ट में कहा वो सिर्फ एक डायलॉग से ज्यादा कुछ नही है। असल में दिलीप ने अपने स्वार्थ के लिए मधुबाला का इस्तेमाल किया और बाद में ऐसे झटका जैसे कोई शरीर पर चढ़े काँकरोच को झटकता है। मेरी दोस्ती के लिए किया गया त्याग व्यर्थ गया। मैं उस वक्त भावुक नही होता तो आज मधुबाला मेरी पत्नी के रूप में जानी जाती।
प्रेमनाथ और दिलीप कुमार से धोखा खाई मधुबाला को फिर कभी सच्चा प्यार नसीब नही हुआ। कहते हैं कि जब दिलीप कुमार और मधुबाला का प्रेम अपने चरम पर था तब प्रसिद्ध फिल्म मेकर कमाल अमरोही ने भी एक तरफा प्यार में डूबकर मधुबाला से शादी करने का प्रस्ताव दिया था, जिसे मधुबाला ने खारिज कर दिया। मधुबाला के इंकार पर गुस्साए कमाल अमरोही ने मधुबाला से कहा कि एक दिन तुमसे बडी अभिनेत्री से शादी करके दिखलाऊंगा। बाद में कमाल अमरोही ने मीना कुमारी से शादी की,जो ज्यादा दिन सफल नही रही। रहमान ने भी कोशिश की मगर वो असफल रहे।
मधुबाला के दिल में बडा छेद था जो बाद में पता चला। महंगी इलाज के बावजूद दिल की बीमारी बढ़ती चली गई। इस बीमारी के साथ कुछ और असाध्य बीमारियों ने भी उन्हें जकड़ लिया। मौत से कुछ साल पहले उन्होंने किशोर कुमार से शादी किया मगर तब तक उनका शरीर बेहद कमजोर हो चुका था। किशोर कुमार से भी उन्हें वो प्यार नही मिला जिसकी वो वास्तविक हकदार थीं। महज 36 साल की उम्र में उन्होंने 23 फरवरी, 1969 को अंतिम सांस ली। जिस प्यार की तलाश उन्हें ताउम्र रही, वो उस बदनसीब को कभी नसीब नही हुई। मधुबाला की स्मृतियों को सादर नमन।
अजय श्रीवास्तव
वरिष्ठ पत्रकार

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading