राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष और नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित SI भर्ती-2021 को रद्द करने और आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष संजय श्रोत्रिय की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान सरकार को निर्देश देने की मांग की है।
हनुमान बेनीवाल ने गृह मंत्री शाह को लिखे अपने पत्र में कहा कि पुलिस उप-निरीक्षक भर्ती के पेपर लीक मामले की जांच राजस्थान सरकार की एजेंसी एसओजी कर रही है, और अब तक तीन दर्जन से अधिक ट्रेनी एसआई सहित दो दर्जन से अधिक अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनकी भूमिका पेपर लीक में पाई गई है। एसओजी ने राजस्थान लोक सेवा आयोग के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है।
बेनीवाल ने कहा कि ट्रेनी एसआई और अन्य लोगों के साथ राजस्थान लोक सेवा आयोग के दो सदस्यों की गिरफ्तारी से यह साफ हो गया है कि पेपर लीक के मामले में आरपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष संजय श्रोत्रिय की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता है, क्योंकि इस संस्था के किसी भी गोपनीय कार्य में सीधे अध्यक्ष का दखल होता है। उन्होंने गृह मंत्री शाह को यह भी लिखा कि जब राजस्थान में भाजपा विपक्ष में थी, तब पेपर लीक के मामलों को लेकर तत्कालीन सरकार के कई मंत्रियों और अफसरों पर आरोप लगाए गए थे।
युवाओं के हित में, बेनीवाल ने संजय श्रोत्रिय की गिरफ्तारी को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे न केवल SI भर्ती, बल्कि उनके कार्यकाल में हुई तमाम भर्तियों में पेपर लीक से जुड़े मामलों में उन महत्वपूर्ण सूत्रधारों का भी पता चल सकेगा, जो सत्ता के संरक्षण में पर्दे के पीछे से लाखों बेरोजगार युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ करते रहे हैं। सांसद ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी पत्र भेजकर इस भर्ती को रद्द करने और संजय श्रोत्रिय की गिरफ्तारी की मांग की है।
RPSC: SI भर्ती परीक्षा रद्द कर पूर्व अध्यक्ष को गिरफ्तार करे सरकार-हनुमान बेनीवाल






