यागी तूफान के कारण वियतनाम में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस तूफान ने पहले चीन और फिलीपींस में तबाही मचाई थी और अब वियतनाम में भी इसका विनाशकारी असर देखने को मिल रहा है। तूफान से प्रभावित लोग कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। चीन और फिलीपींस में लाखों लोगों को प्रभावित करने के बाद, अब वियतनाम में भी यागी तूफान ने लाखों लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए अपने घर छोड़ने पड़े हैं। यागी तूफान के खतरे को ध्यान में रखते हुए कई क्षेत्रों में स्कूल और दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। इस तूफान के कारण वियतनाम में जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है।
वियतनाम में तूफान के कारण प्रभावित क्षेत्रों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। नदियां उफान पर हैं और अब तक इस तूफान से 197 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की संख्या में और वृद्धि की आशंका है। वियतनाम में तूफान के कारण 128 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। इसके अलावा, 800 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। बड़ी मात्रा में फसलें नष्ट हो गई हैं और कई घर तथा इमारतें भी तूफान की चपेट में आकर बर्बाद हो गए हैं। यागी तूफान कमजोर तो पड़ा है, लेकिन इसका खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और बिना जरूरत के घरों से बाहर न निकलने का निर्देश दिया गया है।
यागी तूफान से वियतनाम में तबाही का सिलसिला जारी, सैकड़ो मौतें





