भारत ने कनाडा पर कड़ा जवाब देते हुए उसके उच्चायुक्त पर हत्या की जांच में ‘पर्सन ऑफ इंटररेस्ट’ होने के आरोपों को खारिज कर दिया और इन्हें “मूर्खतापूर्ण आरोप” करार दिया। जानकारी के लिए बता दें कि ‘पर्सन ऑफ इंटररेस्ट’ वह व्यक्ति होता है जिसके बारे में पुलिस को संदेह होता है कि वह किसी अपराध में शामिल हो सकता है, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा जून 2023 में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका के आरोप लगाने के बाद से भारत और कनाडा के बीच संबंधों में तनाव बढ़ गया है। भारत ने इन आरोपों को बार-बार “बेतुका” और “राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया है, और ट्रूडो की सरकार पर वोट-बैंक की राजनीति के लिए खालिस्तानी तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया है।
यह राजनयिक विवाद उस समय और बढ़ गया जब कनाडा ने भारतीय उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा को निज्जर की हत्या की जांच में ‘पर्सन ऑफ इंटररेस्ट’ के रूप में नामित किया। भारत ने कनाडा पर बिना सबूत उसके अधिकारियों को बदनाम करने और अपने देश में खालिस्तानी उग्रवाद पर नियंत्रण न करने का आरोप लगाया। विदेश मंत्रालय ने कड़े शब्दों में इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह ट्रूडो सरकार की वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित रणनीति का हिस्सा है।
भारत ने यह भी कहा कि सितंबर 2023 में लगाए गए आरोपों के बाद, कनाडाई सरकार ने भारत के साथ कोई सबूत साझा नहीं किया। भारत ने स्पष्ट किया कि यह आरोप भारत को बदनाम करने की एक सुनियोजित योजना का हिस्सा हैं। भारत ने कनाडा में खालिस्तान समर्थक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, और चेतावनी दी है कि खालिस्तानी चरमपंथियों, संगठित अपराध और ड्रग तस्करी के बीच गठजोड़ कनाडा के लिए भी खतरा है।
भारत ने कनाडा पर आरोप लगाया कि उसने हिंसक चरमपंथियों और आतंकवादियों को भारतीय राजनयिकों और समुदाय के नेताओं को धमकाने की छूट दे रखी है। कनाडा में रहने वाले आतंकवादियों के प्रत्यर्पण के भारत के अनुरोधों को भी नजरअंदाज किया गया है। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि कनाडा के साथ संबंधों में सुधार तभी हो सकता है जब ओटावा खालिस्तानी समर्थक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करे।
कनाडा के बयान पर भारत की दो टूक, खालिस्तानी समर्थकों पर करो कार्रवाई






