मंत्रिमंडलीय समिति ने एसआई भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले की समीक्षा की और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विदेश दौरे से पहले उन्हें रिपोर्ट सौंप दी। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट में भर्ती परीक्षा को रद्द कर, इसमें शामिल उम्मीदवारों की पुनः परीक्षा कराने पर जोर दिया गया है, लेकिन अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री करेंगे।
विधि मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता वाली 6 सदस्यीय समिति ने गुरुवार को समीक्षा का काम पूरा कर लिया था, हालांकि समिति के मंत्रियों ने अनौपचारिक चर्चा के बाद रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया। समिति ने एसओजी और गृह विभाग के अधिकारियों से मिले फीडबैक के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है।
समिति पहले ही एसआई भर्ती परीक्षा में भारी अनियमितताओं को स्वीकार कर चुकी है। समाधान के लिए समिति ने चार विकल्पों पर विचार किया, जिनमें पुनः परीक्षा आयोजित करना और पूर्व में परीक्षा दे चुके उम्मीदवारों को ही मौका देना, भर्ती को पूरी तरह रद्द करना, एसओजी द्वारा पकड़े गए या संदिग्ध चयनित उम्मीदवारों को बर्खास्त कर शेष चयनित उम्मीदवारों को सेवा में बनाए रखने जैसे सुझाव शामिल थे।
इस भर्ती के तहत 859 पदों पर चयन किया गया था, जिनमें से लगभग 50 चयनित उपनिरीक्षक गिरफ्तार हो चुके हैं। कुल मिलाकर 75 लोग उपनिरीक्षक भर्ती से जुड़े मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं।
एसआई भर्ती परीक्षा पर मंत्रिमंडल कमेटी ने रिपोर्ट सौंपी, मुख्यमंत्री लेंगे अंतिम फैसला






