महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद और सरकार गठन को लेकर चल रहा इंतजार बुधवार को समाप्त हो गया। महायुति के नेताओं ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे और एनसीपी नेता अजित पवार ने राज्यपाल को विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी भी मौजूद थे। देवेंद्र फडणवीस 5 दिसंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्होंने सरकार बनाने के लिए समर्थन पत्र सौंपा है। उन्होंने बताया कि शिवसेना और एनसीपी ने राज्यपाल से आग्रह किया कि उन्हें महायुति के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाए। राज्यपाल ने यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया और उन्हें गुरुवार शाम 5:30 बजे शपथ समारोह के लिए आमंत्रित किया। फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें लगातार नेतृत्व का अवसर देने के लिए वह आभारी हैं।
फडणवीस ने शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे और एनसीपी नेता अजित पवार का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री केवल तकनीकी पद हैं, लेकिन उनकी टीम ने पिछले ढाई साल में मिलकर काम किया है और आगे भी बेहतर सरकार देने का प्रयास करेंगे। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि महायुति सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जो काम किए हैं, वे उल्लेखनीय हैं और इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाएंगे। उन्होंने फडणवीस को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महायुति में सभी दल एक समान हैं और एक टीम की तरह काम करेंगे। एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा कि वे महाराष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि महायुति सरकार जनता के साथ किए गए वादों को पूरा करेगी और कल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करेगी।
महाराष्ट्र: महायुति ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, फडणवीस बोले- हम साथ मिलकर काम करेंगे




