भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक आज दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। भूटान नरेश 5 से 6 दिसंबर तक भारत में रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी और भूटान की रानी जेत्सुन पेमा वांग्चुक भी आई हैं। एयरपोर्ट पर भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उनका और उनकी पत्नी का स्वागत किया। इस अवसर पर जिग्मे खेसर को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। एयरपोर्ट से भूटान नरेश अपनी पत्नी के साथ भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और भूटान के बीच महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए तस्वीरें भी पोस्ट कीं। उन्होंने लिखा, “भूटान के राजा और रानी का भारत में स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। भूटान की प्रगति और क्षेत्रीय विकास के प्रति राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक की दृष्टि प्रशंसनीय है। हम भारत और भूटान के बीच विशेष और स्थायी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
भूटान नरेश आज से दो दिवसीय भारत दौरे पर, प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलने गए





