उत्तर प्रदेश में कल, यानी 6 दिसंबर को, प्रदेश के प्रमुख जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। राम नगरी अयोध्या में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि 6 दिसंबर 1992 को लाखों कारसेवकों ने विवादित ढांचे को गिरा दिया था। आइए जानते हैं कि यूपी के किन-किन शहरों में हाई अलर्ट जारी किया गया है…
अयोध्या में 6 दिसंबर को पुलिस ने हाई अलर्ट घोषित किया है। पूरे शहर पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, अयोध्या आने वाले रास्तों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अयोध्या के साथ-साथ मेरठ में भी प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। इनमें शिव चौक, हापुड़ अड्डा और बेगमपुल जैसे मुख्य स्थान शामिल हैं। साथ ही मेरठ में लोकल इंटेलिजेंस यूनिट को सक्रिय कर दिया गया है। सीसीटीवी और ड्रोन के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है। संभल में 6 दिसंबर और जुमे की नमाज को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। हिंसा की संभावना को देखते हुए बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। संवेदनशील इलाकों और जामा मस्जिद क्षेत्र में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मथुरा में भी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात है। मथुरा के डीएम शैलेंद्र सिंह ने वहां धारा 163 लागू कर दी है, जो करीब 27 दिनों तक प्रभावी रहेगी।
आपको बता दें कि 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में लाखों कारसेवकों ने विवादित ढांचे को गिरा दिया था, जिसके बाद देशभर में सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे थे। इन दंगों में सैकड़ों लोगों की जान गई थी और हजारों घायल हुए थे। इसके साथ ही, 6 दिसंबर 2024 को विवाह पंचमी का पर्व है, जिसके अवसर पर अयोध्या के 12 से अधिक मंदिरों से भगवान राम की बारात निकाली जाएगी।
अयोध्या, मेरठ, संभल एवं मथुरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में कल हाई अलर्ट





