बुधवार तड़के सफदरजंग एन्क्लेव की एक कोठी में आग लगने से एक बुजुर्ग दंपति की जलकर मौत हो गई। यह आग मकान के तीसरे तल पर लगी, जिसमें लाखों रुपये का कीमती सामान भी जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। मृतकों की पहचान 80 वर्षीय गोविंद राम नागपाल और उनकी 78 वर्षीय पत्नी शीला नागपाल के रूप में हुई है। दंपति घर में अकेले रहते थे। उनका बेटा अमेरिका में और बेटी पश्चिम विहार में रहती है।
दमकल विभाग के मुताबिक, आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सफदरजंग एन्क्लेव के बी-2 ब्लॉक स्थित मकान नंबर 204 के तीसरे तल पर गोविंद राम अपनी पत्नी शीला के साथ रहते थे। गोविंद राम केल्वीनेटर कंपनी से सेवानिवृत्त थे, जबकि उनकी पत्नी विद्या निकेतन स्कूल से सेवानिवृत्त थीं। हर दिन की तरह रात को सोने के बाद, सुबह करीब पौने छह बजे तीसरे तल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आस-पास के लोगों ने धुआं और आग देखकर तुरंत दमकल और पुलिस को सूचना दी।
दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। जब घर के अंदर पहुंचा गया, तो बुजुर्ग दंपति मृत पाए गए। आग से घर का सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस जांच में पता चला कि दंपति के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटा विनीत नागपाल अमेरिका में रहता है, और बेटी पश्चिम विहार में। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
दिल्ली में एक कोठी में आग लगने से बुजुर्ग पति-पत्नी की मौत, लाखों का सामान जलकर खाक





