मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में अदार पूनावाला की सेनोटी प्रॉपर्टीज की 74.5% हिस्सेदारी थी, जिसे अब पतंजलि आयुर्वेद के नेतृत्व वाले समूह को स्थानांतरित किया जा रहा है। इस अधिग्रहण के बाद, पतंजलि ने मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में बड़ी हिस्सेदारी प्राप्त कर ली है और कंपनी की प्रमोटर बन गई है। इसे पतंजलि के कारोबारी पोर्टफोलियो के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद की मैग्मा जनरल इंश्योरेंस के अलावा अब एसआर फाउंडेशन, आरआईटीआई फाउंडेशन, आरआर फाउंडेशन, सुरुचि फाउंडेशन और स्वाति फाउंडेशन जैसी कंपनियों ने भी हिस्सेदारी है। पहले से ही वेलनेस, पर्सनल केयर और खाद्य उत्पादों के क्षेत्रों में सक्रिय पतंजलि अब बीमा सेक्टर में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में बढ़ रही है। इस अधिग्रहण से मैग्मा जनरल इंश्योरेंस को भी बाजार में अपनी स्थिति सुधारने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि सेनोटी प्रॉपर्टीज के अलावा, हिस्सेदारी बेचने वाली अन्य कंपनियों में सेलिका डेवलपर्स, जगुआर एडवाइजरी सर्विसेज, केकी मिस्त्री, अतुल डीपी फैमिली ट्रस्ट, शाही स्टर्लिंग एक्सपोर्ट्स और क्यूआरजी इन्वेस्टमेंट्स एंड होल्डिंग्स शामिल हैं।
बीमा क्षेत्र में प्रवेश को लेकर पतंजलि आयुर्वेद के प्रवक्ता ने कहा कि यह क्षेत्र 100% प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के साथ महत्वपूर्ण नियामकीय सुधारों से गुजर रहा है। भारत में सामान्य बीमा की पहुंच विकसित देशों की तुलना में काफी कम है, और 2047 तक सभी के लिए बीमा उपलब्ध कराने के आईआरडीएआई के दृष्टिकोण से इस अंतर को भरने में मदद मिलेगी।
इस डील पर प्रतिक्रिया देते हुए सेनोटी प्रॉपर्टीज के संस्थापक अदार पूनावाला ने कहा कि मैग्मा जनरल इंश्योरेंस ने पिछले कुछ वर्षों में खुदरा और कॉर्पोरेट क्षेत्रों में मजबूती से कारोबार विकसित किया है। इसमें 18,000 से अधिक एजेंट, 2,000 से अधिक कॉर्पोरेट ग्राहक, 14 बड़े ओईएम और वित्तीय सेवा क्षेत्र में 80 से अधिक कंपनियां शामिल हैं। पिछले पांच वर्षों में कंपनी ने 26% की वार्षिक वृद्धि दर हासिल की है। पूनावाला ने विश्वास जताया कि पतंजलि आयुर्वेद और डीएस ग्रुप के नए स्वामित्व में यह कंपनी सामान्य बीमा उद्योग में मजबूत योगदान देना जारी रखेगी।
पतंजलि अब बीमा कारोबार में भी, मैग्मा जनरल इंश्योरेंस में खरीदी हिस्सेदारी





