मुंबई: मंगलवार, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया। इस भयावह हमले में 28 पर्यटकों की जान चली गई, जिससे देशभर में शोक और गुस्से का माहौल है। इस घटना के 24 घंटे बाद अब बॉलीवुड के दिग्गज सितारे शाहरुख खान और सलमान खान ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
शाहरुख खान ने व्यक्त किया शोक और आक्रोश
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले पर गहरा दुख जताया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “इस तरह की अमानवीय और विश्वासघात भरी हिंसा पर दुख और गुस्से को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। ऐसे क्षणों में इंसान बस ईश्वर की ओर रुख करता है और पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना करता है। मेरी दिल से संवेदनाएं उनके साथ हैं। हम सभी को एकजुट रहकर इस घिनौने कृत्य के खिलाफ न्याय की मांग करनी चाहिए।”
सलमान खान ने जताया गुस्सा
दबंग अभिनेता सलमान खान ने भी इस दर्दनाक घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “धरती का स्वर्ग कहे जाने वाला कश्मीर अब नरक बनता जा रहा है। निर्दोषों की हत्या की जा रही है। मेरी गहरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। एक मासूम की मौत पूरे ब्रह्मांड को खत्म करने जैसी है।”
बॉलीवुड में छाया शोक
इस हमले की देशभर में कड़ी निंदा हो रही है और फिल्म इंडस्ट्री से भी कई सितारों ने संवेदना जताई है।
माधुरी दीक्षित ने कहा, “यह घटना दिल को झकझोर देने वाली है। भगवान मृतकों की आत्मा को शांति दें।”
प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, “ऐसे हमले मानवता पर कलंक हैं।”
इसके अलावा अल्लू अर्जुन, आलिया भट्ट, अनुष्का शर्मा और विक्की कौशल सहित कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए दुख प्रकट किया और इस बर्बर कृत्य की निंदा की।




