पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सेना को सुदृढ़ करना आवश्यक हो गया है। इसी वजह से कुछ अहम रणनीतिक फैसले लिए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। इस बीच, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि भारत किसी भी समय पाकिस्तान पर हमला कर सकता है, जिसके मद्देनज़र पाकिस्तान अपनी सेना को पूरी तरह तैयार कर रहा है।
‘सेना को सशक्त किया गया’
रॉयटर्स को दिए एक साक्षात्कार में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि हमने अपनी सेना को सशक्त किया है, क्योंकि मौजूदा परिस्थिति में यह निहायत जरूरी हो गया है। इस समय कुछ रणनीतिक निर्णयों की आवश्यकता थी, जिन्हें लागू कर दिया गया है। रक्षा मंत्री आसिफ ने कहा कि भारत की ओर से बयानबाजी में तेजी आई है। पाकिस्तान की सेना ने भी भारतीय हमले की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस आकलन का आधार कौन-सी खुफिया जानकारी या घटना है। बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि पाकिस्तान परमाणु हथियारों का इस्तेमाल केवल उसी स्थिति में करेगा जब उसके अस्तित्व पर खतरा मंडराएगा। फिलहाल पाकिस्तान पूरी तरह से सतर्क है। वहीं, दूसरी ओर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकी ठिकानों को “धूल में मिलाने” की चेतावनी दी है। इससे पहले ख्वाजा आसिफ ने पहलगाम आतंकी हमले की जांच के लिए रूस, चीन और पश्चिमी देशों के सहयोग से एक अंतरराष्ट्रीय जांच समिति गठित करने की मांग भी की थी। उन्होंने कहा कि इस जांच से भारत के उन आरोपों की सच्चाई सामने आएगी जिसमें पाकिस्तान को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग का समर्थन किया है।
पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे देश में गुस्सा है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तीन संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं और राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मामले की जांच संभाल ली है। सुरक्षा बलों ने भी आतंकियों के खिलाफ अपने अभियान को तेज कर दिया है।





