कपाट खुलते ही सभी भक्त भाव-विभोर होकर भोलेनाथ का वंदन करने लगे और श्रद्धा से सिर झुकाया। श्रद्धालु इस पावन क्षण का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
शुक्रवार सुबह सात बजे वृष लग्न में केदारनाथ मंदिर के कपाट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए। हजारों श्रद्धालु इस शुभ अवसर के साक्षी बने। कपाट खुलते ही पूरी केदारघाटी महादेव के जयकारों से गूंज उठी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कपाट खुलने से ठीक पहले केदारनाथ पहुंचे और बाबा के दर्शन किए। कपाटोद्घाटन के लिए मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया था। इस दौरान शासन-प्रशासन के उच्चाधिकारी और सुरक्षा बल भी तैनात रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारनाथ में 15,000 से अधिक श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि कपाट खुलने के बाद दर्शन के लिए टोकन प्रणाली लागू कर दी जाएगी।
श्री केदारनाथ धाम पूर्ण रूप से सुसज्जित होकर भक्तों के स्वागत के लिए तैयार है। शुक्रवार प्रातः विधिवत शुभ मुहूर्त में कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालु देवाधिदेव महादेव के दर्शन कर सकेंगे। मेरे लिए भी यह अत्यंत सौभाग्य का क्षण है कि मैं स्वयं श्री केदारनाथ धाम में इस पावन अवसर पर उपस्थित हूं – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री






