बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भारत की जीडीपी में वृद्धि और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर खुशी जाहिर की है।
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भारत के इस उपलब्धि पर प्रशंसा करते हुए अग्निवीरों को प्रोत्साहित किया और भारतीय सेना को सलाम किया।
तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की उम्मीद
सोमवार सुबह अमिताभ बच्चन ने एक्स पर कई पोस्ट साझा किए। एक पोस्ट में उन्होंने भारत के विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की खुशी जताई। उन्होंने पोस्ट की शुरुआत “जय हिंद” और तिरंगे के इमोजी के साथ की। उन्होंने लिखा, “भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अमेरिका, चीन, जर्मनी के बाद भारत। अगले 2.5 से 3 साल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।” उन्होंने देशों की जीडीपी का भी जिक्र किया: अमेरिका की 30.51 ट्रिलियन डॉलर, चीन की 19.23 ट्रिलियन डॉलर, जर्मनी की 4.74 ट्रिलियन डॉलर और भारत की लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर।
भारतीय सेना को किया सलाम
अगली पोस्ट में अमिताभ बच्चन ने भारतीय सेना और अग्निवीरों को सैल्यूट किया। उन्होंने दो तस्वीरों का कोलाज साझा किया, जिनमें से एक पर “अग्निवीर” लिखा था। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “अग्निवीर जिंदाबाद। जय भारत माता की। जय हिंद।” साथ ही तिरंगे का इमोजी भी जोड़ा।
पहलगाम हमले पर कई दिन बाद दी प्रतिक्रिया
इसके अलावा, अमिताभ बच्चन ने अपने पिता और महान कवि हरिवंश राय बच्चन की कुछ पंक्तियां भी साझा कीं। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले अमिताभ बच्चन उस वक्त चर्चा में आए थे जब उन्होंने पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर कई दिन तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। बाद में लगभग 20 दिन बाद उन्होंने इस मामले पर ट्वीट किया था।





