उत्तर प्रदेश में कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय अब 15 जून को नहीं खुलेंगे। भीषण गर्मी और लगातार जारी हीटवेव को देखते हुए उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने गर्मी की छुट्टियाँ 30 जून तक बढ़ा दी हैं। अब विद्यालय 1 जुलाई से दोबारा खुलेंगे।
बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने इस संबंध में सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह फैसला छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है। शासन के नए आदेश के अनुसार अब सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे और 1 जुलाई से पठन-पाठन कार्य शुरू होगा। 16 जून 2025 को जारी आदेश के तहत निर्धारित समय सारणी के अनुसार ही विद्यालय संचालित होंगे। हालाँकि, इस दौरान शिक्षक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालयों में उपस्थित रहकर प्रशासनिक व अन्य आवश्यक कार्यों को संपन्न करेंगे। वहीं, मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति को निर्णय लेने का अधिकार रहेगा।
इससे पहले गर्मी की छुट्टियाँ 20 मई से 15 जून तक घोषित की गई थीं, जिन्हें अब बढ़ाकर 30 जून तक कर दिया गया है।





